परतावल/महराजगंज :- सीएचसी परतावल में रिपोर्टिंग के दौरान एक पत्रकार से अभद्रता करने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही परतावल चौकी प्रभारी अमित सिंह मौके पर पहुंच गए। पीड़ित पत्रकार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नगर पंचायत परतावल, थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के वार्ड नंबर 02 तिवारी टोला निवासी आनन्द कुमार मिश्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एक समाचार पत्र के पत्रकार हैं। आरोप है कि 8 मार्च की रात करीब 9:30 बजे वह सीएचसी परतावल में रिपोर्टिंग के सिलसिले में मौजूद थे। उसी दौरान कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सोहनी गांव निवासी शम्भू सिंह अपने कुछ साथियों के साथ अस्पताल पहुंचे।
बताया जाता है कि उसी समय कुछ युवक मारपीट के मामले में इलाज कराने अस्पताल आए थे। पत्रकार द्वारा घटना के संबंध में जानकारी लेने के लिए मारपीट का कारण पूछे जाने पर शम्भू सिंह नाराज हो गए और अपशब्द कहने लगे। विरोध करने पर उन्होंने खुद को ठेकेदार बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि इसी दौरान उनके साथ आए दो युवकों ने पत्रकार का कॉलर पकड़ लिया और वहां से चले जाने की धमकी देते हुए जान से मारने की बात कही। पीड़ित के अनुसार, खुद को अकेला और असहाय देखकर वह वहां से चला गया। इसके बाद उसने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।