वृक्षारोपण व जागरूकता रैली से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

उत्तर प्रदेश महराजगंज

परतावल/महराजगंज :- परतावल, 9 मार्च 2026 को सरदार वल्लभभाई पटेल कन्या पी.जी. कॉलेज परतावल बाजार, महाराजगंज में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर स्वयंसेवकों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा जन-जागरूकता रैली निकालकर लोगों को पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वधर्म समभाव, योग शिविर तथा एनएसएस गीत के साथ हुआ। इसके बाद सरदार वल्लभभाई पटेल इकाई एवं रानी लक्ष्मीबाई इकाई के स्वयंसेवकों ने परियोजना कार्य के अंतर्गत परतावल क्षेत्र के धर्मंता गांव में वृक्षारोपण किया और जन-जागरूकता रैली निकालकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी सुरक्षा करने के लिए प्रेरित किया।

बौद्धिक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामदरश मिश्र ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन के अमूल्य साथी हैं। इनके बिना जीवन की कल्पना करना कठिन है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लेना चाहिए।

हिन्दी विभाग के प्राध्यापक मुख्तार अली अंसारी ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने में पेड़-पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए इन्हें लगाना और बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

गृह विज्ञान की प्राध्यापिका श्रीमती स्नेहप्रभा पटेल ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के साथ-साथ कृषि के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। यदि पर्यावरण संतुलित रहेगा तो किसानों की फसलें भी अच्छी होंगी, अन्यथा कई समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।

इस अवसर पर पनियरा विधायक के मीडिया प्रभारी कौशल श्रीवास्तव ने कहा कि पृथ्वी पर जीवन का आधार ही पेड़-पौधे हैं। ये हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर पर्यावरण को संतुलित रखते हैं। इसके साथ ही ये फल, फूल, भोजन, छाया, औषधि तथा लकड़ी जैसे अनेक संसाधन भी प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल इकाई की कार्यक्रम अधिकारी किरण गुप्ता तथा रानी लक्ष्मीबाई इकाई के कार्यक्रम अधिकारी गोविंद लाल के साथ सुरेश कुमार, प्रमोद कुमार, स्वाती सिंह, बाल गोविंद, ओंकार चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *