महराजगंज। आगामी उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में परीक्षा की तैयारी, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, पर्याप्त पुलिस बल, साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही परीक्षा को पारदर्शी एवं नकल विहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने को कहा गया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।