महराजगंज, 15 मार्च 2026 को जनपद में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा–2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने प्रथम एवं द्वितीय पाली के दौरान कई केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) महराजगंज, डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, शिवजपत सिंह जनता इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली तथा डीएवी नारंग इंटर कॉलेज घुघुली सहित कई केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा परीक्षार्थियों के लिए किए गए इंतजामों का बारीकी से अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षकों तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी केंद्रों पर सतर्कता बरतते हुए शासन एवं आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और निगरानी व्यवस्था को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
उपस्थिति के आंकड़ों के अनुसार जीजीआईसी महराजगंज में प्रथम पाली में 323 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 157 अनुपस्थित रहे। डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में 334 परीक्षार्थी उपस्थित और 146 अनुपस्थित रहे। वहीं शिवजपत सिंह जनता इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली में द्वितीय पाली के दौरान 349 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 131 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार डीएवी नारंग इंटर कॉलेज घुघुली में कुल 240 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 178 उपस्थित तथा 62 अनुपस्थित रहे।
जनपद के कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में प्रथम पाली में 4560 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 3189 उपस्थित रहे जबकि 1371 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3174 परीक्षार्थी उपस्थित और 1386 अनुपस्थित रहे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।