महराजगंज, 15 मार्च 2026 को जिला पूर्ति अधिकारी श्री ए.पी. सिंह ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस सिलिंडर की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु रूप से जारी है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी गैस एजेंसियों के स्टॉक और वितरण की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जनपद में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल की कुल 47 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। वर्तमान में औसत दैनिक बुकिंग 10,848 है, जबकि 14 मार्च को 10,497 बुकिंग दर्ज की गई। उसी दिन 9,232 सिलिंडरों की बिक्री हुई और जनपद में 16,097 सिलिंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रवर्तन दलों का गठन कर दिया गया है, जो विभिन्न गैस एजेंसियों और गोदामों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। साथ ही कंट्रोल रूम के माध्यम से उपभोक्ताओं की शिकायतों का भी त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों और गोदामों पर भीड़ न लगाएं, क्योंकि गैस सिलिंडरों का वितरण होम डिलीवरी के माध्यम से ही किया जाएगा। अवैध भंडारण और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।