संतकबीरनगर में भीषण सड़क हादसा: दो पत्रकारों की दर्दनाक मौत, कई साथी घायल

उत्तर प्रदेश कुशीनगर


कुशीनगर/खड्डा :- लखनऊ से गोरखपुर जाते समय संतकबीरनगर जिले के मगहर बॉर्डर के पास रविवार को हुए भीषण सड़क मार्ग दुर्घटना में दो पत्रकारों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद कई अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना की सूचना मिलते ही कुशीनगर जिले सहित पूरे पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुशीनगर जिले के खड्डा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लखुआँ लखुई निवासी पत्रकार शंभू मिश्रा तथा नौरंगिया क्षेत्र के पत्रकार धनंजय पांडेय लखनऊ से गोरखपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान संतकबीरनगर जिले के मगहर बॉर्डर के पास उनकी गाड़ी भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों पत्रकारों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

वहीं गाड़ी में सवार अन्य कई साथी भी इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दोनों पत्रकारों के असमय निधन की खबर जैसे ही कुशीनगर जिले में पहुंची, पत्रकारों और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त हो गया। विभिन्न पत्रकार संगठनों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना प्रकट की है।

पत्रकार साथियों का कहना है कि शंभू मिश्रा और धनंजय पांडेय बेहद मिलनसार, सक्रिय और निर्भीक पत्रकार थे। उनके निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।

पत्रकारों ने सरकार से घायलों के समुचित इलाज और मृतक पत्रकारों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग भी की है।

हिन्द सन्देश टाइम्स परिवार भी दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *