चनकौली पंचायत में घोटाले के आरोपों पर प्रशासन सख्त, 18 मार्च को जांच तय

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज। सिसवा विकास खंड की ग्राम पंचायत चनकौली में वित्तीय अनियमितताओं और सरकारी धन के कथित दुरुपयोग के मामले ने तूल पकड़ लिया है। जिलाधिकारी के सख्त निर्देश के बाद अब इस पूरे प्रकरण की जांच 18 मार्च को कराई जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जांच के दौरान सभी जरूरी अभिलेख मौके पर उपलब्ध न होने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई तय मानी जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम निवासी रामसनेही ने 12 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी को शिकायत भेजकर ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव पर विकास कार्यों में धांधली और धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए 11 फरवरी को जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कन्हैया यादव को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।

जांच को आगे बढ़ाने के लिए 6 मार्च को खंड विकास अधिकारी, सिसवा से संबंधित अभिलेख मांगे गए थे, लेकिन समय पर दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने से प्रशासन ने नाराजगी जाहिर की है। अधिकारियों का कहना है कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पूर्व निर्धारित तिथि 12 मार्च को किन्हीं कारणों से जांच नहीं हो सकी थी, जिसके बाद अब 18 मार्च को नई तिथि तय की गई है। जांच अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि उस दिन ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव समेत सभी संबंधित अधिकारी मौके पर उपस्थित रहें और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें, ताकि जांच पूरी कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जा सके।

उधर, मामले को लेकर ग्रामीणों में खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोग निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सभी की नजरें 18 मार्च को होने वाली जांच पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *