प्रेमिका ने रची थी पूर्व प्रधान की हत्या की साजिश

उत्तर प्रदेश

प्रेमिका ने रची थी पूर्व प्रधान की हत्या की साजिश

हिन्द सन्देश टाइम्स, शिवशम्भु सिंह

प्रतापगढ़। मानधाता थाना क्षेत्र में लापता चल रहे पूर्व ग्राम प्रधान गुलहसन उर्फ मुन्ना हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। यह मामला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं निकला, जहां हत्या की साजिश खुद उनकी प्रेमिका ने रची थी।

बताया जा रहा है कि पूर्व प्रधान का शव रविवार सुबह सुमेरपुर गांव के पास एक नहर से बरामद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर एक महिला पर शक गहराया।

पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर महिला ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका पति बाहर रहता है और पिछले करीब दो वर्षों से पूर्व प्रधान उस पर जबरन अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहे थे। इस बात से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रची।

जानकारी के अनुसार, पूर्व प्रधान 18 मार्च को प्रयागराज जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। बाद में उनकी बाइक मऊआइमा क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली, जिसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने बताया कि महिला लगातार पूर्व प्रधान के संपर्क में थी और उसी के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *