शिव शम्भु सिंह
खड्डा, कुशीनगर।
ईद-उल-फितर का पर्व खड्डा नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह 9:00 बजे मुख्य ईदगाह मदरसा अशरफिया अहले सुन्नत अनवारुल उलूम में ईद की नमाज़ अदा की गई।
नमाज़ से पूर्व मौलाना सकील अहमद ने अपने तकरीर में देश में अमन-शांति और भाईचारे के लिए दुआ की। उन्होंने समाज को नशामुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सफाई व्यवस्था, पुलिस प्रशासन एवं नगर पंचायत के कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को ईद की मुबारकबाद दी।
ईद की नमाज़ मौलाना सकील अहमद की इमामत में अदा की गई, जिसके बाद विशेष दुआ की गई। नमाज़ के उपरांत सभी नमाजियों का ईदगाह में स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी मौजूद रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वरी वर्मा, सपा नेता अमर जायसवाल एवं कांग्रेस नेता अजय जायसवाल ने मुस्लिम भाइयों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
पूरे कार्यक्रम के दौरान खड्डा पुलिस प्रशासन मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहा।