महराजगंज, 21 अप्रैल 2026। जनपद में फॉर्मर रजिस्ट्री को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर मंगलवार तड़के 6 बजे से विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत प्रशासनिक अमला गांव-गांव पहुंचा और किसानों की फॉर्मर आईडी बनाने का कार्य तेज गति से किया गया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), लेखपाल व ग्राम सचिव समेत सभी अधिकारी एवं कर्मचारी गांवों में सक्रिय रहे। जिलाधिकारी ने स्वयं कैंप कार्यालय से ऑनलाइन लाइव मॉनिटरिंग करते हुए पूरे अभियान की निगरानी की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न गांवों के किसानों, ग्राम प्रधानों व स्थानीय प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर प्रगति की जानकारी ली और अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने नौतनवा तहसील के कौलही गांव में किसान उमेश राय से बातचीत कर उन्हें अन्य किसानों को प्रेरित करने की अपील की। वहीं परतावल विकासखंड के पिपरिया गांव में अनीशुर्रहमान, कमाल व प्रधान प्रतिनिधि वसीम से संवाद करते हुए 30 अप्रैल तक शत-प्रतिशत रजिस्ट्री सुनिश्चित करने का लक्ष्य दोहराया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि 30 अप्रैल के बाद कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ केवल फॉर्मर आईडी के माध्यम से ही दिया जाएगा, इसलिए सभी पात्र किसान समय रहते अपनी रजिस्ट्री जरूर करा लें।
गर्मी और लू को देखते हुए अभियान को सुबह और शाम के समय संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में टीम बनाकर घर-घर संपर्क कर मौके पर ही रजिस्ट्री कराने पर जोर दिया गया।
अभियान का असर भी नजर आया। मंगलवार दोपहर तक 900 नई फॉर्मर आईडी बनाई गईं, जिससे जनपद में कुल रजिस्ट्री का आंकड़ा बढ़कर 3,81,940 पहुंच गया है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंत में उन्होंने किसानों से अपील की कि वे आगे आकर अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री जल्द से जल्द पूर्ण कराएं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें बिना किसी बाधा के मिल सके।