नेपाल के कपिलवस्तु में महराजगंज की बस पलटी, 2 की मौत, 17 घायल; प्रशासन हाई अलर्ट पर

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज।जिले से नेपाल जा रही एक यात्री बस बुधवार को नेपाल के कपिलवस्तु जनपद में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित होने के कारण बस सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि बस में सवार अधिकांश यात्री महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र के रहने वाले थे, जो किसी निजी कार्य से नेपाल जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

प्रशासनिक अमला सक्रिय, बॉर्डर पर पहुंची टीम

घटना की जानकारी मिलते ही महराजगंज प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर एडीएम नौतनवा सहित प्रशासनिक टीम को सीमा क्षेत्र में भेजा गया। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

10 एंबुलेंस तैनात, अस्पतालों में अलर्ट

घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने 6 लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और 4 अतिरिक्त एंबुलेंस की व्यवस्था की है। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जिला अस्पताल में इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह सक्रिय कर दी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज मिल सके।

नेपाल प्रशासन से लगातार संपर्क

जिलाधिकारी ने बताया कि नेपाल प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में राहत कार्य तेज कर दिया गया है और घायलों को सुरक्षित वापस लाने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।

स्थानीय लोगों से अपील


प्रशासन ने लोगों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने को कहा गया है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन संचालन में सतर्कता की जरूरत को उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *