वार्ड-11 में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, समाधान न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी

महराजगंज उत्तर प्रदेश

महराजगंज। परतावल नगर पंचायत के वार्ड संख्या 11, स्वतंत्रता सेनानी नगर में जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है। क्षेत्र में साधु मद्धेशिया से अब्दुल्ला के घर तक का इलाका हर बारिश में तालाब में तब्दील हो जाता है। नाली पर अवैध कब्जे और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से रहवासी बुरी तरह प्रभावित हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, समस्या की शिकायतें कई बार नगर पंचायत प्रशासन से की गईं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसका असर क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, और ब्लॉक रिसोर्स सेंटर तक पहुँचने वाले नागरिकों पर भी पड़ रहा है। हाल ही में एक बुजुर्ग महिला पानी में फिसलकर घायल हो गईं, जिससे नाराजगी और बढ़ गई है।

स्थानीय निवासी दिनेश मद्धेशिया, कौशल्या देवी, खदरू, पूनम, गुड़िया, आकाश, विनोद शर्मा, सिंटू मद्धेशिया, दीपक मद्धेशिया, मुन्नी, नूरजहां और लतीफ मोहम्मद आदि का कहना है कि बारिश के दौरान सड़कें तालाब बन जाती हैं और गंदा पानी घरों में घुस आता है।

कौशल्या देवी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रीय जनता आंदोलन करेगी।

नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने स्वीकार किया कि जल निकासी क्षेत्र पर अवैध कब्जा है, जो समस्या का प्रमुख कारण बन रहा है। वहीं, वार्ड के सभासद प्रतिनिधि कृष्णा महाजन ने जानकारी दी कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव पारित हो चुका है और बरसात के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *