महराजगंज/घुघली। घुघली थाना क्षेत्र के बसंतपुर चौराहे स्थित एक मोबाइल दुकान से मोबाइल का मदर बोर्ड चोरी होने का मामला सामने आया है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित दुकानदार की सूचना पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बसंतपुर चौराहे पर मोबाइल की दुकान संचालित करने वाले रामाश्रय पुत्र सुदामा ने घुघली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 10 जुलाई को दो युवक ग्राहक बनकर उनकी दुकान पर पहुंचे। दोनों ने मोबाइल और अन्य सामान देखने के बहाने काफी देर तक दुकान में समय बिताया। इसी दौरान मौका पाकर मोबाइल का एक मदर बोर्ड चोरी कर लिया और वहां से चले गए।
दुकानदार के अनुसार अगले दिन जब दुकान में रखे सामान का मिलान किया गया तो मोबाइल का मदर बोर्ड गायब मिला। इस पर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दोनों युवकों की संदिग्ध गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दीं। फुटेज के आधार पर चोरी की पुष्टि होने के बाद दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बताया जाता है कि 11 जुलाई को वही दोनों युवक दोबारा दुकान पर पहुंचे। उन्हें पहचानते ही दुकानदार ने स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया और तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अपने साथ थाने ले गई।
घुघली थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्राप्त तहरीर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए अभियोग पंजीकृत हो रहा है पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है
(रिपोर्ट मदन मुरारी चौबे)