राशिन स्कूल में किशोर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बरसाती बीमारियों व सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दी जानकारी

महराजगंज उत्तर प्रदेश

परतावल (महराजगंज)। परतावल चौक स्थित राशिन स्कूल में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल की स्वास्थ्य टीम द्वारा किशोर-किशोरियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों, संतुलित पोषण तथा किशोर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिकित्सक डॉ. अनिल जायसवाल ने बताया कि बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसे मच्छरजनित रोगों के साथ-साथ दूषित पानी के सेवन से टाइफाइड, पीलिया और डायरिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी।

उन्होंने किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर के प्रति भी जागरूक करते हुए बताया कि यह बीमारी मुख्य रूप से एचपीवी (HPV-16 एवं HPV-18) वायरस के संक्रमण से होती है। इसके बचाव के लिए सरकार द्वारा 12 से 18 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन निशुल्क लगाई जा रही है। पहले चरण में 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि यह सिंगल डोज वैक्सीन है, जो सर्वाइकल कैंसर से 90 प्रतिशत से अधिक सुरक्षा प्रदान करती है।

कार्यक्रम में परतावल ब्लॉक के किशोर स्वास्थ्य काउंसलर अनिरुद्ध गुप्ता ने किशोरावस्था में संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस आयु में शरीर का तेजी से विकास होने के कारण पर्याप्त ऊर्जा और पोषण की आवश्यकता होती है। उन्होंने भोजन में कार्बोहाइड्रेट, हरी सब्जियां, फल, दाल, दूध तथा सीमित मात्रा में वसा युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करने की सलाह दी।

इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मासिक थीम परिवार नियोजन पर भी जानकारी दी तथा स्थायी एवं अस्थायी परिवार नियोजन साधनों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इन साधनों के प्रति सही जानकारी न केवल परिवार नियोजन में सहायक है, बल्कि कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *