शैक्षणिक संस्थानों में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगे बच्चे

महराजगंज उत्तर प्रदेश

मंगलपुर/महराजगंज :- अक्षयबर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज, बापू लघु माध्यमिक विद्यालय नटवा जंगल तथा एएसपीएम पब्लिक स्कूल सुमेरगढ़ में समारोहपूर्वक ध्वजारोहण किया गया। प्रबंधक कृष्ण मोहन सिंह ‘बबलू’, निदेशक अम्बरीष मल्ल, प्राचार्य डॉ. हरे कृष्ण सिंह एवं प्रधानाचार्य जयमाला मल्ल,अमित सिंह,ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।

ध्वजारोहण के बाद छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। बच्चों ने देशभक्ति गीतों के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों के त्याग, बलिदान और देश के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

इसी क्रम में उमा टेक्निकल इंस्टीट्यूट, पनियरा मार्ग पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। संस्थान के निदेशक कमलेश सिंह तथा अतिथि सुधीर चन्द्र पाण्डेय और राकेश सिंह ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्रगान गाया।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी अनेक वीरों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। युवाओं का दायित्व है कि वे शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ देश की प्रगति में अपना योगदान दें। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *