अज्ञात वाहन की टक्कर से दो दोस्तों की मौत

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के छपिया गांव के पास रविवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरदेवरा निवासी सूरज (21) और नीतीश यादव (16) रविवार रात बाइक से परतावल कस्बे की ओर जा रहे थे। रात करीब 10 बजे छपिया गांव के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि देर रात सड़क पर सन्नाटा होने के कारण काफी देर तक हादसे की जानकारी नहीं हो सकी। इस दौरान गुजरने वाले वाहनों से शवों को नुकसान पहुंचा, जिससे दोनों की पहचान करना मुश्किल हो गया। रात में पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम ने सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त बाइक और शवों को देखा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोबाइल के जरिए परिजनों का पता लगाकर उन्हें सूचना दी।

दो परिवारों की उम्मीदें टूटीं

हादसे की सूचना मिलते ही पिपरदेवरा मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो दोनों की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मृतक सूरज दिल्ली में पेंटिंग का काम करता था और परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। उसके पिता बाबूराम मजदूरी करते हैं। सूरज परिवार में दूसरे नंबर का बेटा था और दो बहनों की जिम्मेदारी भी उसके कंधों पर थी।

वहीं, 16 वर्षीय नीतीश यादव अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था। बचपन में मां की मौत के बाद पिता पप्पू यादव ने ईंट-भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाकर उसका पालन-पोषण किया था। पिता ने बताया कि रविवार रात उन्होंने नीतीश को देर रात बाहर जाने से मना किया था। बेटे ने कहा था कि बस एक-दो घंटे में काम निपटाकर लौट आएगा। लेकिन उसका यह सफर आखिरी साबित हुआ।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *