महराजगंज( हिन्द सन्देश टाइम्स) :- महराजगंज जनपद के पनियरा विधानसभा क्षेत्र के सीमा धरमपुर चौराहे पर सोमवार को केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री भारत सरकार एवं महाराजगंज सांसद पंकज चौधरी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह का नेतृत्व युवा भाजपा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। नारेबाजी और पुष्प वर्षा के बीच मंत्री पंकज चौधरी का अभिनंदन किया गया।
स्वागत कार्यक्रम के उपरांत केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी का काफिला हरपुर तिवारी लंगड़ी चौराहा स्थित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सलाउद्दीन खान के आवास पहुंचा, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में मंत्री ने संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया।
मंत्री ने कहा कि “भाजपा की ताकत उसका कार्यकर्ता है। कार्यकर्ता यदि निष्ठा और समर्पण से कार्य करेगा, तो जनता तक हमारी नीतियां प्रभावी रूप से पहुंचेंगी।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देने और जनता से सीधा संवाद बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक में पार्टी की जमीनी स्थिति, बूथ प्रबंधन, लाभार्थी संपर्क अभियान और जनसंवाद कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने मंत्री को भरोसा दिलाया कि वे पार्टी की विचारधारा और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में पूरी निष्ठा से जुटे रहेंगे।
इसके पश्चात केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने बांटांगिया बेलासपुर नर्सरी में आयोजित जन चौपाल में भाग लिया। उन्होंने आम नागरिकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की नीति पर कार्य कर रही है, जिसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, भाजपा युवा नेता निर्भय सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णगोपाल जायसवाल, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरा कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने मंत्री का जोरदार स्वागत कर भाजपा के प्रति अपना विश्वास और समर्थन दोहराया।