पिता एवं दो मासूम बच्चों का मिला कमरे में शव, इलाके में मचा हड़कंप

Blog

हिन्द सन्देश टाइम्स, नौतनवा/महराजगंज :- नौतनवा नगर पालिका क्षेत्र के गांधी नगर वार्ड में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने अपने दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी और शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार गाजीपुर जिले के थाना सेवापुर क्षेत्र के ग्राम निर्जनपुर निवासी अमरेश कुमार अपनी पत्नी वंदना कुमारी एवं दो बच्चों के साथ नौतनवा थाना क्षेत्र के गांधी नगर वार्ड में किराए के मकान में रहते थे। वंदना कुमारी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 66वीं वाहिनी मुख्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात हैं, जबकि अमरेश घर पर रहकर बच्चों की देखभाल करते थे।

बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह वंदना कुमारी प्रति दिनों की भाती ड्यूटी पर चली गई थीं। घर में अमरेश अपने दो बच्चों (चार वर्षीय बेटी कंचन और करीब दो वर्षीय पुत्र अमरेंद्र) के साथ था। मिली जानकारी के अनुसार अमरेश ने पहले दोनों मासूम बच्चों की हत्या कर दी और उसके बाद खुद कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

कुछ देर बाद घर से कोई हलचल न होने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। जब लोग मौके पर पहुंचे तो कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गए। मासूम कंचन का शव रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला, जबकि अमरेंद्र का शव जमीन पर पड़ा था और अमरेश फंदे से लटका मिला।

सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस और एसएसबी के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कमरे की जांच के दौरान दीवार पर लिखा एक संदेश और एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिससे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *