कोल्हुई: पीएनसी कंपनी परिसर में डंपर चालकों के बीच विवाद, धारदार हथियार से हमला कर चालक की हत्या

उत्तर प्रदेश महराजगंज

कोल्हुई थाना क्षेत्र के एक्सडवा स्थित पीएनसी कंपनी परिसर में बीती रात पैसे के लेन-देन को लेकर डंपर चालकों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान एक चालक ने अपने साथी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, पीएनसी कंपनी में कार्यरत कुछ कर्मचारी देर रात शराब भट्ठी पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पैसों को लेकर उनमें बहस छिड़ गई। बहस इतनी बढ़ी कि डंपर चालक प्रेमशंकर पांडेय, निवासी फुलवरिया पांडेय, थाना बरहज (देवरिया) ने अपने साथी अजय यादव (पुत्र रामनयन यादव), निवासी छेदी डडवा मालहनपार, थाना बांसगांव (गोरखपुर) पर लोहे के सरिया से बने नुकीले औजार से सीने में वार कर दिया।

हमले में अजय यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। साथियों ने उसे पास के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर कोल्हुई थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया और जोगियाबारी चौकी प्रभारी संजय सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी प्रेमशंकर पांडेय की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

अजय यादव की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। उन्होंने अभी तक तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *